Connect with us
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

न्यूज़ और गॉसिप

जन्मदिन विशेष: माधुरी दीक्षित के इन 10 गानों पर धक-धक धड़का दर्शकों का दिल

‘एक दो तीन’ से लेकर ‘चने के खेत में’ तक माधुरी दीक्षित के 10 मशहूर गाने जिन्हें आज भी लोग गुनगुनाते हैं।

Published

on

बॉलीवुड की धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित आज अपना 52वां जन्मदिन मना रही हैं। इस अवसर पर उनके चाहने वाले उन्हें दिल खोलकर बधाइयाँ दे रहे हैं। हिंदी फिल्म जगत में 35 वर्षों से अपने अभिनय के बलबूते पर युवाओं के दिलों में राज करने वाली माधुरी दीक्षित नेने आज बॉलीवुड में एक अलग मुकाम हासिल कर चुकी हैं, यही कारण है कि आज की ज्यादातर एक्ट्रेस उन्हें अपना आदर्श मानती हैं।

वर्ष 1984 में आई फिल्म अबोध से फ़िल्मी दुनिया में कदम रखने वाली अदाकारा माधुरी दीक्षित ने बॉक्स ऑफिस पर कई सुपर हिट फ़िल्में दीं। 90 के दशक वह हिंदी फिल्म जगत की सबसे चर्चित अभिनेत्री रहीं। दिल, साजन, खलनायक, हम आपके हैं कौन, राजा, दिल तो पागल है, जैसी सुपरहिट फिल्मों के चलते माधुरी दीक्षित देशभर के करोड़ों युवाओं की जान बन गईं। हालाँकि फिल्मों में अभिनय के अलावा उन्होंने अपने डांसिंग स्टाइल से भी सभी का दिल जीता। आज हम माधुरी के 52वें जन्मदिन के अवसर पर उनके डांस पर फिल्माए गए ऐसे ही 10 गानों के बारे में आपको बताएँगे, जिसे आज भी लोग खूब सुनते हैं।

एक दो तीन:
वर्ष 1988 में आई फिल्म तेज़ाब में अलका याग्निक द्वारा गाये गए इस सुपरहिट गाने में माधुरी दीक्षित का डांस युवाओं में बेहद चर्चित हुआ था। इस गाने में माधुरी के ठुमके देख कर आज भी युवाओं का दिल मचल उठता है।

धक-धक करने लगा:
90 के दशक में आई अनिल कपूर अभिनीत फिल्म बेटा में भी माधुरी दीक्षित का अभिनय दर्शकों को बेहद पसंद आया था। इसी फिल्म का एक गाना ‘धक धक करने लगा’ से माधुरी दीक्षित बॉलीवुड में धक धक गर्ल से मशहूर हो गईं। उदित नारायण और अनुराधा पौडवाल की आवाज़ में गाया गया यह खुबसूरत गीत आज भी लोगों की जुबां पर छाया है।

चोली के पीछे क्या है?
वर्ष 1993 में परदे पर आई फिल्म खलनायक में यूँ तो संजय दत्त के खलनायक अवतार ने युवाओं में सनसनी मचाई थी। लेकिन इसी फिल्म में खलनायक को काबू करने वाली अदाकारा माधुरी दीक्षित ही थीं, जिन्होंने अपने दमदार अभिनय से सभी को हिला दिया था। इस फिल्म में वह जैकी श्रॉफ की पत्नी बनी थीं। इस फिल्म के गाने भी काफी प्रचलित हुए थे। जिनमें से एक था ‘चोली के पीछे क्या है।’ अलका याग्निक और इला अरुण द्वारा गाया गया यह गाना आज भी प्रचलित है।

तू शायर है:
90 के दशक में आई फिल्म साजन का गीत ‘तू शायर है, मैं तेरी शायरी’ करोड़ों युवाओं की जुबां पर छा गया था। स्टेज पर इस गीत पर माधुरी दीक्षित के दिलकश नृत्य ने कितनों को दीवाना बना दिया था। आज भी मोहब्बत करने वाले लोग इस फिल्म के गानों को खूब सुनते हैं।

दिल तो पागल है:
यह फिल्म दिल तो पागल है का टाइटल गीत है। यह गीत माधुरी दीक्षित और अक्षय कुमार पर फिल्माया गया था। यह गीत आज भी लोगों की जुबां पर छाया हुआ है। इस गीत के धुन को लोग अक्सर गुनगुनाते हैं।

अरे रे-अरे रे:
फिल्म दिल तो पागल है के यूँ तो सभी गाने काफी खुबसूरत और मशहूर थें, लेकिन लता मंगेशकर और उदित नारायण की आवाज़ में खुबसूरत गीत ‘अरे रे अरे रे’ की बात ही कुछ और थी। यह गीत न केवल अनगिनत बार सुना गया, बल्कि जिसने भी इसे सुना वह कभी भूल न पाया। आज भी लोग इस गाने को सुनते हैं और गुनगुनाते हैं।

दीदी तेरा देवर दीवाना:
लता मंगेशकर और एसपी बालासुब्रमण्यम की आवाज़ से सुस्सजित यह गीत अनगिनत बार सूना और सराहा गया। फिल्म हम आपके है कौन में सलमान और माधुरी की जोड़ी सुपरहिट रही थी। और फिल्म के सभी गाने काफी चर्चित हुए थे, जो आज भी हैं। ‘दीदी तेरा देवर दीवाना’ गीत में सलमान और माधुरी की मजेदार नोंक-झोंक आज भी दर्शक भूले नहीं हैं।

मार डाला:
वर्ष 2002 में शाहरुख़ खान अभिनीत फिल्म देवदास का यह गाना इसलिए चर्चित हुआ क्योंकि इसमें दर्शकों को माधुरी का एक अलग ही अंदाज़ देखने को मिला। कविता कृष्णमूर्ति की आवाज़ और माधुरी दीक्षित के नृत्य के जादू में सभी दर्शक सराबोर हो गए।

के सेरा सेरा:
फिल्म पुकार में प्रभुदेवा और माधुरी दीक्षित की जोड़ी दर्शकों में खूब चर्चित हुई थी। इस फिल्म के गीत ‘के सेरा सेरा’ में माधुरी और प्रभुदेवा का डांस दर्शकों को बेहद पसंद आया था।

चने के खेत में:
’18 बरस की कंवारी कली थी, घूंघट में मुखड़ा छूपाके के चली थी’ फिल्म अंजाम में गीतकार समीर का लिखा हुआ यह गीत आज भी कोई भूल नहीं पाया है। इस गीत में माधुरी के ठुमकों ने सचमुच कुवारों का दिल धड़का दिया था।

यूं तो माधुरी दीक्षित के ऐसे कई गाने थे, जो काफी चर्चित और मशहूर रहे, लेकिन यह 10 चुनिंदा गाने थें, जो कि हमेशा उनके चाहने वालों के ज़ेहन में जीवित रहेंगे। माधुरी आज भी लगातार फिल्मों में अभिनय करती जा रही हैं। हाल ही में सिनेमा घरों में आई फिल्म कलंक के एक गीत ‘तबाह हो गए’ में भी माधुरी के ठुमकों ने तबाही मचाई थी। माधुरी आज भी लाखों युवाओं की धड़कन हैं। उनके 52वें जन्मदिन पर हमारी सिने ब्लिट्ज़ टीम की ओर से उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं।

बॉलीवुड की ताज़ा तरीन खबरों के लिए सिने ब्लिट्ज़ के साथ बने रहें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
>